त्रिवेणी संगम पर सजेगा मध्यप्रदेश का विख्यात मेला...15 फरवरी से 2 मार्च तक... दुकानदारों के लिए भूमि शुल्क 2.50 रुपये प्रति वर्गफुट निर्धारित...फेरी और जुआ जैसे खेल पूर्णत प्रतिबंधित
01 Mar, 2026
52 व्यूज
मंडला नायक दर्पण (प्रदीप शर्मा)
जिला मंडला के ग्राम हिरदेनगर में एक शताब्दी से अधिक समय से आयोजित होने वाला मध्यप्रदेश का प्रसिद्ध मचलेश्वर मेला इस वर्ष 15 फरवरी 2026 (महाशिवरात्रि) से प्रारंभ होकर 2 मार्च 2026 (होलिका दहन) तक आयोजित होगा। यह ऐतिहासिक मेला बंजर, सुरपन और मटियारी नदियों के त्रिवेणी संगम स्थल पर प्रतिवर्ष आस्था और व्यापार का अद्भुत संगम प्रस्तुत करता है।
ग्राम पंचायत हिरदेनगर, जिला मंडला द्वारा जारी जन-विज्ञप्ति के अनुसार मेले में पेयजल, विद्युत, प्रकाश, चिकित्सा, सुरक्षा, आवागमन एवं पशु चिकित्सा जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। इस वर्ष भूमि शुल्क 2.50 रुपये प्रति वर्गफुट निर्धारित किया गया है।
वर्ष 2025 में जिन व्यापारियों की दुकानें जहां लगी थीं, उन्हें उसी स्थान पर दुकान लगाने की अनुमति रहेगी। दुकान स्थापित करने के बाद ही रवन्ना काटा जाएगा, जो वर्ष 2025 के अनुरूप ही जारी होगा। जिनके पास पूर्व वर्ष का रवन्ना नहीं होगा, उन्हें नया स्थान आवंटित किया जाएगा।
यदि कोई दुकानदार 23 फरवरी 2026 तक दुकान स्थापित नहीं करता है, तो उसका पूर्व रवन्ना निरस्त कर संबंधित प्लॉट नए व्यापारी को आवंटित किया जा सकेगा। प्लॉट सीमित होने के कारण आवश्यकतानुसार स्थान परिवर्तन संभव है। किसी भी विवाद की स्थिति में मेला समिति का निर्णय अंतिम और सर्वमान्य होगा।
मेला क्षेत्र में फेरी लगाकर बिक्री करना प्रतिबंधित रहेगा। सभी व्यापारियों को निर्धारित स्थान पर बैठकर ही बिक्री करनी होगी। चकरी, छल्ला, रिंग, जुआ जैसे गेम ऑफ स्केल पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे।
प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय संस्थाओं द्वारा प्रदर्शनियां एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
मंडला से हिरदेनगर तक प्रतिदिन बस एवं ऑटोरिक्शा की सुविधा उपलब्ध रहेगी। अधिक जानकारी के लिए ग्राम पंचायत हिरदेनगर, जिला मंडला से संपर्क किया जा सकता है।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!