सरकार के आश्वासन के बाद बस ऑपरेटर्स का बड़ा फैसला...मुख्यमंत्री से सकारात्मक चर्चा, नई परिवहन नीति फिर बनेगी...2 मार्च की अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित...पत्रकार वार्ता में संगठन ने जताया आभार
01 Mar, 2026
251 व्यूज
सिवनी नायक दर्पण
प्रस्तावित नई परिवहन नीति के विरोध में 2 मार्च से घोषित अनिश्चितकालीन हड़ताल को सिवनी प्राइवेट बस ऑपरेटर्स संघ ने फिलहाल स्थगित कर दिया है। यह निर्णय मध्यप्रदेश बस ऑपरेटर संघ की गत रात्रि में मुख्यमंत्री से हुई बैठक के बाद लिया गया।
सिवनी में आयोजित पत्रकार वार्ता में संघ पदाधिकारियों ने बताया कि 24 दिसंबर 2025 को मध्यप्रदेश राजपत्र में प्रकाशित परिवहन नीति संबंधी अधिसूचनाओं पर गंभीर आपत्ति दर्ज कराई गई थी। इसके बाद 29 जनवरी 2026 को प्रकाशित बिंदुओं को लेकर परिवहन सचिव एवं शासन स्तर पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में मुख्यमंत्री द्वारा परिवहन नीति को पुनः तैयार करने तथा बस संचालकों के सुझावों को शामिल करने का आश्वासन दिया गया। आगामी बैठक में परिवहन संचालक सचिव और मुख्यमंत्री की उपस्थिति में नई नीति के मसौदे पर चर्चा किए जाने की बात कही गई है।
मुख्यमंत्री के सकारात्मक रुख को देखते हुए प्रदेशभर के बस संचालकों ने समर्थन देते हुए 2 मार्च की हड़ताल को स्थगित करने का निर्णय लिया।
पत्रकार वार्ता में जिला प्राइवेट बस संगठन के अध्यक्ष तेज बली सिंह सहित चंद्रभान सिंह ठाकुर, पुष्पेंद्र सिंह, रमन सिंह सनोदिया, संजय नागपुर, सुभाष गंगवानी, पवन दिवाकर, रज्जू ठाकुर, संदीप बघेल, नरेंद्र ठाकुर समेत अनेक बस ऑपरेटर उपस्थित रहे।
संगठन ने परिवहन से जुड़े सभी संचालकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी तरह सहयोग की अपेक्षा जताई है।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!