अवैध रेत कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, डंफर व ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त।
28 Feb, 2026
107 व्यूज
नायक दर्पण/बालाघाट। जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार सख्त कदम उठा रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार 27 फरवरी 2026 को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए एक डंफर और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई। दोनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक बालाघाट द्वारा जिले में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण एवं त्वरित निराकरण के उद्देश्य से सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के पालन में नवेगांव (ग्रामीण) थाना एवं वारासिवनी थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना नवेगांव (ग्रामीण) पुलिस ने ग्राम मगरदर्रा रेत घाट पर अवैध रूप से रेत का उत्खनन एवं परिवहन किए जाने की सूचना पर घेराबंदी कर एक डंफर को पकड़ा। जांच में वाहन में अवैध रूप से रेत भरी पाई गई। पुलिस ने डंफर को जब्त कर चालक दिमाकचंद गौतम 40 वर्ष निवासी ग्राम बोदालझोला, परसवाड़ा के विरुद्ध अपराध क्रमांक 66/2026 के तहत धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता एवं 4/21 खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1952 के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में वारासिवनी थाना पुलिस को ग्राम सिर्रा नदी रेत घाट से ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से अवैध रेत परिवहन की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर-ट्रॉली का पीछा किया। पुलिस कार्रवाई से घबराकर चालक वाहन को ग्राम रमरमा चौक पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर अज्ञात चालक के विरुद्ध अपराध क्रमांक 79/2026 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता, 4/21 खान एवं खनिज अधिनियम 1952 तथा 53(1) म.प्र. गौण खनिज नियम 1966 के तहत मामला दर्ज किया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन से न केवल शासन को राजस्व हानि होती है, बल्कि पर्यावरण संतुलन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिलेभर में सतत निगरानी रखी जा रही है और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नवेगांव (ग्रामीण) उपनिरीक्षक अमित अग्रवाल, थाना प्रभारी वारासिवनी उपनिरीक्षक पवन यादव, प्रधान आरक्षक नसीम खान एवं प्रधान आरक्षक पवन उके की उल्लेखनीय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सख्ती से कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध रेत कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है तथा क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर सकारात्मक संदेश गया है।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!