40 साल पुरानी बिजली लाइन बनी मौत का जाल, हादसे का इंतज़ार करता विभाग...पेड़ों से टकराते खुले तार आग और करंट का खतरा अधिकारियों की आँखों पर पट्टी

08 Feb, 2026 211 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण

नगर के बारापत्थर स्थित हाउसिंग बोर्ड समता नगर कॉलोनी में बिजली विभाग की लापरवाही अब खुलकर जानलेवा रूप ले चुकी है। कॉलोनी में करीब 40 वर्ष पुरानी बिजली लाइन आज भी उसी हाल में पड़ी है, जहां नंगे तार खुले में हवा में झूल रहे हैं और किसी भी पल बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय रहवासियों के अनुसार, कॉलोनी में एक खंभे से दूसरे खंभे तक जाने वाले बिजली के तार खुले पड़े हैं, जो तेज हवा चलने पर पेड़ों से टकराते रहते हैं। इस घर्षण से आग लगने की पूरी आशंका बनी रहती है, वहीं बारिश के मौसम में करंट फैलने का खतरा और बढ़ जाता है। इसके बावजूद विद्युत विभाग के किसी अधिकारी या कर्मचारी ने अब तक सुध नहीं ली।
यह कोई नई समस्या नहीं है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को लिखित और मौखिक शिकायतें दी गईं, लेकिन हर बार आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। समस्या जस की तस बनी हुई है और लोग डर के साए में जीने को मजबूर हैं।
जब स्थानीय स्तर पर कोई सुनवाई नहीं हुई तो आखिरकार मजबूर होकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 में शिकायत दर्ज कराई गई।
➡️ शिकायत क्रमांक: 36691248
अब सवाल यह है कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायत के बाद भी क्या बिजली विभाग की कुंभकरणी नींद टूटेगी?
या फिर विभाग किसी बड़े हादसे का इंतज़ार कर रहा है, ताकि बाद में जांच और मुआवज़े की खानापूर्ति की जा सके?
समता नगर के रहवासी आज भी इस उम्मीद में हैं कि किसी की जान जाने से पहले बिजली विभाग जागे और इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान करे।
वरना यह लापरवाही कभी भी एक बड़ी त्रासदी में बदल सकती है।