सीएम हेल्पलाइन में शिकायतें दबाने वालों का अंत: कलेक्टर मृणाल मीना ने लापरवाहों पर निलंबन-नोटिस की बौछार!

03 Feb, 2026 336 व्यूज
Main Photo
नायक दर्पण/बालाघाट।
कलेक्‍टर श्री मृणाल मीना द्वारा प्रत्‍येक मंगलवार को सीएम हेल्‍पलाईन की 50 दिनों से अधिक की लंबित शिकायतों की समक्ष में सुनवाई की जाती है और इस दौरान शिकायतकर्ता व संबंधित विभाग के अधिकारियों को समक्ष में खडा कर उनका पक्ष सुना जाता है। इसी कडी में 03 फरवरी को 100 दिनों से अधिक की लंबित 10 शिकायतों की कलेक्‍टर श्री मीना ने समक्ष में सुनवाई की। इस दौरान शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पाये जाने पर 03 कर्मचारियों को निलंबित करने, 03 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने एवं 01 कोटवार को पद से पृथक करने के निर्देश दिये गए है। समक्ष में सुनवाई के दौरान अपर कलेक्‍टर श्री जीएस धुर्वे, श्री डीपी बर्मन, अधीक्षक भू-अभिलेख श्री नायक, लोकसेवा प्रबंधक श्री अनिल लिल्‍हारे उपस्थित थे।
कटंगी तहसील के ग्राम जराहमोहगांव की हरलाल डहरवाल द्वारा अपने 01 हे. भूमि के रिकार्ड सुधार के लिए तहसील कार्यालय कटंगी में आवेदन दिया गया था। इस प्रकरण की समक्ष में सुनवाई के दौरान पाया गया कि यह शिकायत 207 दिनों से निराकरण के लिए लंबित है। इस प्रकरण में मार्च 2025 से एसडीएम कोर्ट में पेशी नही लगायी है। तहसीलदार के रीडर द्वारा इस प्रकरण को आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज भी नही किया गया है। जबकि इस प्रकरण में विधिवत कार्यवाही की जाती तो इस प्रकरण का सुगमता से निराकरण हो जाता और हितग्राही की शिकायत सीएम हेल्‍पलाईन से बंद हो जाती। इस प्रकरण में लापरवाही पाये जाने पर कलेक्‍टर श्री मीना ने एसडीएम के तत्‍कालीन रीडर निपेंद्र उंधीरवाडे एवं तहसीलदार के रीडर मनीष बोरकर एवं जराहमोहगांव के पटवारी शिवेंद्र तिवारी को निलंबित करने के निर्देश दिये है। इस प्रकरण में कटंगी एसडीएम श्री केसी ठाकुर, तहसीलदार एवं तत्‍कालीन रीडर वर्तमान में लामता तहसील में पदस्‍थ श्री राणा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये गए है।
परसवाडा तहसील के अंतर्गत उकवा के निवासी रुपचंद गौतम द्वारा खसरा नकल को ऑनलाईन अपडेट नही करने संबंधी सीएम हेल्‍पलाईन में शिकायत की गई थी। 435 दिनों से लंबित इस शिकायत में परसवाडा तहसीलदार को ऑनलाईन रिकार्ड अपडेट करने के निर्देश दिये गए है और एसडीएम को निर्देशित किया गया है कि तहसील कोर्ट का नियमित रूप से निरीक्षण करते रहें। तिरोडी तहसील के हेमंत द्वारा निजी भूमि पर अतिक्रमण किया जाने संबंधी सीएम हेल्‍पलाईन में शिकायत की गई थी। 230 दिनों से लंबित इस शिकायत के निराकरण में लापरवाही पाये जाने पर तिरोडी तहसीलदार एवं संबंधित पटवारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये गए है।

समक्ष में सुनवाई के दौरान राजुलाल की चालाकी सामने आयी
°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°
बिरसा तहसील के ग्राम मुंडघुसरी के राजुलाल यादव द्वारा सीएम हेल्‍पलाईन में शिकायत की गई थी कि उसकी बुआ की मृत्‍यु के बाद उसके वारसान का नाम फर्जी तरीके से दस्‍तावेज में शामिल कर उसके नाम से नामांतरण कर दिया गया है। इस प्रकरण की समक्ष में सुनवाई के दौरान राजुलाल एवं उसके पिता के दोनो भाई, पटवारी एवं राजस्‍व निरीक्षक से प्रकरण की वस्‍तुस्थिति समझी गई। इस दौरान पता चला कि राजुलाल की बुआ देवमती के नाम से 1.5 एकड जमीन थी। जिसे राजुलाल की दादी के समय से ही राजुलाल के पिता और उनके भाईयों ने बराबर बांट कर उस पर कब्‍जा कर लिया है। देवमती की मृत्‍यु के बाद उसकी पुत्री ने दो शादी की थी। पहले पति से उसकी एक बेटी मथरा थी जिसकी मृत्‍यु हो चुकी है, दूसरे पति से एक बेटी सुमत्रा है जो कमाने के लिए बाहर चले जाती है।
राजुलाल की शिकायत थी कि देवमती का कोई वारसान नही है अत: उसकी जमीन पर उसका कब्‍जा रहना चाहिए और रिकार्ड में उसका नाम दर्ज होना चाहिए। कलेक्‍टर श्री मीना ने मौके पर ही राजुलाल के पिता के दोनो भाईयों से इस संबंध में जानकारी ली तो उन्‍होंने बताया कि देवमती की जमीन सुमत्रा के नाम पर करने में उन्‍हें कोई आपत्ति नही है। देवमती की जमीन की वैध वारिस सुमत्रा होने के कारण उसके नाम पर जमीन का नामांतरण करने एवं राजुलाल से उसकी जमीन पर किये गए अवैध कब्‍जे को हटाने के निर्देश दिये गए और इस शिकायत को बंद कराया गया। देवमती के जमीन की वैध वारिस द्वारा काम की तलाश में बाहर चले जाने एवं उसकी जमीन पर राजुलाल द्वारा कब्‍जा किये जाने पर कलेक्‍टर श्री मीना ने राजुलाल को फटकार लगायी और कहा कि वह अपने अवैध कब्‍जे को शीघ्रता से छोड दे अन्‍यथा उसके विरूद्ध कडी कार्यवाही की जाएगी।

सेवानिवृत्‍त पटवारी के क्‍लेम रोकने एवं कोटवार को पद से पृथक करने के निर्देश
°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°°
लांजी तहसील के ग्राम कुम्‍हारीखुर्द के निलेश मिश्रा द्वारा शीतला देवी मंदिर की जगह पर हेतराम द्वारा झोपडी बनाकर अवैध रूप से कब्‍जा करने की शिकायत सीएम हेल्‍पलाईन में की गई थी। यह शिकायत निराकरण के लिए 452 दिनों से लंबित थी। समक्ष में सुनवाई के दौरान कलेक्‍टर श्री मीना ने शासकीय भूमि पर किये गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिये और इस प्रकरण में कार्यवाही नही करने पर लांजी तहसीलदार को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये है। खैरलांजी तहसील के ग्राम खरखडी के रामेश्‍वर लिल्‍हारे द्वारा अपनी जमीन पर अतिक्रमण किये जाने संबंधी शिकायत की गई थी। यह शिकायत निराकरण के लिए 500 दिनों से लंबित थी। समक्ष में इस प्रकरण की सुनवाई के दौरान पाया गया कि अतिक्रमण करने वाले रामू, श्‍यामू ने पटवारी के साथ मिलकर विष्‍णु का नाम जमीन के रिकार्ड से गायब कर दिया है। इस प्रकरण में कलेक्‍टर श्री मीना ने खरखडी के कोटवार को पद से पृथक करने एवं वहां के पटवारी के सेवानिवृत्‍त हो जाने के कारण उसे दिये जाने वाले शेष क्‍लेम रोक दिये जाने के निर्देश दिये है।