आवारा गौवंश बना जानलेवा खतरा...आवारा पशुओं पर नगर पालिका मौन...दीपक जयहिंद टीम द्वारा सौंपे गए ज्ञापन..!

02 Feb, 2026 36 व्यूज
Main Photo
सिवनी नायक दर्पण

शहर की सड़कों, चौराहों और रिहायशी इलाकों में आवारा गौवंश की बेकाबू मौजूदगी अब आम नागरिकों की जान पर बन आई है। दिन हो या रात सिवनी के प्रमुख मार्गों पर गाय-बैल खुलेआम बैठे नजर आ रहे हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। इसके बावजूद नगर प्रशासन की निष्क्रियता सवालों के घेरे में है।
इस गंभीर जनसमस्या को लेकर “आज़ाद हिंद के आशिक़” दीपक जयहिंद के मार्गदर्शन में कार्यरत दीपक जयहिंद टीम ने प्रशासन को आईना दिखाया है। टीम लीडर दीपक डहरिया द्वारा नगर पालिका परिषद सिवनी को लिखित ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल और ठोस कार्रवाई की मांग की गई है।मध्य प्रदेश नगरपालिका अधिनियम 1961 एवं राज्य की गौ-संरक्षण नीतियों के अनुसार, नगर क्षेत्र में आवारा पशुओं पर नियंत्रण रखना नगर पालिका की वैधानिक जिम्मेदारी है। पशुओं को सड़कों पर छोड़ना दंडनीय अपराध है, लेकिन सिवनी में नियम केवल फाइलों तक सीमित दिखाई दे रहे हैं।
दीपक जयहिंद टीम द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई है कि आवारा गौवंश को तत्काल पकड़कर अधिकृत गौशालाओं में भेजा जाए पशुओं को सड़कों पर छोड़ने वाले पशु-स्वामियों पर सख़्त जुर्माना व कानूनी कार्रवाई हो
दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष पकड़ अभियान चलाया जाए नगर व आसपास की गौशालाओं की क्षमता और नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए बीमार व घायल गौवंश के लिए समुचित पशु चिकित्सा व्यवस्था की जाए
ज्ञापन में साफ शब्दों में चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, तो दीपक जयहिंद के नेतृत्व में “आज़ाद हिंद के आशिक़” टीम कानून के दायरे में रहते हुए जनहित में प्रतीकात्मक आंदोलन और जन-जागरूकता अभियान चलाने को मजबूर होगी।इस गंभीर समस्या पर कब जिम्मेदारी निभाते हैं या फिर किसी बड़े हादसे के बाद ही नींद खुलेगी।