कलेक्टर शीतला पटले ने 31 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सौंपे पीपीओ, पौधारोपण कर दी शुभकामनाएं

14 Jan, 2026 103 व्यूज
Main Photo

सिवनी नायक दर्पण
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले ने जिले के विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त हुए 31 शासकीय कर्मचारियों को पेंशन पेमेंट ऑर्डर (पी.पी.ओ.) का वितरण किया। इस अवसर पर जिला पेंशन अधिकारी, सहायक पेंशन अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्रीमती पटले ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के शासकीय सेवा काल में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें पौधे भेंट किए और उनके सुखद, स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शासकीय सेवकों का अनुभव समाज और शासन दोनों के लिए सदैव मार्गदर्शक रहता है।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, आयुष, जल संसाधन, वन, पंचायत, पशुपालन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पीपीओ प्रदान किए गए। पीपीओ प्राप्त करने वालों में प्राचार्य, सहायक शिक्षक, उच्च श्रेणी शिक्षक, एएनएम, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, पंप ऑपरेटर, वन रक्षक, लेब टेक्नीशियन, सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी, भृत्य, हेल्पर एवं अन्य पदों पर कार्यरत रहे कर्मचारी शामिल हैं।
पीपीओ वितरण कार्यक्रम सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए सम्मान और राहत का प्रतीक बना, वहीं समयबद्ध पेंशन प्रकरणों के निराकरण की दिशा में जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता भी स्पष्ट हुई।