सीएम हेल्पलाइन पर घुमावदार खेल बंद जवाबदेही तय सख्त कलेक्टर लापरवाही पर तीन अफसरों को नोटिस
14 Jan, 2026
99 व्यूज
सिवनी नायक दर्पण
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले की अध्यक्षता में आयोजित समय-सीमा बैठक में प्रशासनिक कसावट साफ दिखी। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती अंजली शाह, अपर कलेक्टर श्री सी.एल. चनाप, अपर कलेक्टर सुश्री सुनीता खंडायत, एसडीओ (राजस्व) सिवनी श्रीमती पूर्वी तिवारी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि खंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े।कलेक्टर ने संकल्प से समाधान अभियान (12 जनवरी से 31 मार्च) की तैयारियों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र हितग्राहियों की पहचान के लिए डोर-टू-डोर सर्वे और शिविर अनिवार्य रूप से आयोजित हों तथा आवेदनों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए। कृषि रथों के ग्रामवार भ्रमण को लेकर सख़्ती दिखाते हुए निर्धारित रूटचार्ट के पालन और किसानों को आधुनिक तकनीक की जानकारी देने के निर्देश दिए गए, जिसमें कृषि वैज्ञानिकों व संबंधित विभागीय अमले की मौजूदगी अनिवार्य की गई।
पेयजल आपूर्ति की समीक्षा में डब्ल्यूटीपी और टंकियों की नियमित सफाई, घर-घर से पानी के नमूने लेकर गुणवत्ता परीक्षण तथा अमृत रेखा ऐप के उपयोग हेतु अमले के प्रशिक्षण पर जोर दिया गया। सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर कलेक्टर का तेवर सबसे सख़्त रहा—बिना वजह शिकायतें इधर-उधर भेजने पर सीईओ जनपद बरघाट और पीएम सड़क के महाप्रबंधक को कारण बताओ नोटिस, जबकि वीसी में अनुपस्थित रहने पर बीएमओ लखनादौन को भी नोटिस जारी किया गया।धान उपार्जन, परिवहन व भुगतान की प्रगति की समीक्षा कर त्वरित उठाव और लापरवाह समितियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अंत में गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के सुव्यवस्थित आयोजन हेतु विभागवार जिम्मेदारियां तय कर समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!