आस्था का चमत्कार: पथराम तपोवन का भूमि बैकुण्ठधाम गरम कुंड बना श्रद्धालुओं की उम्मीद गरम कुंड के जल से त्वचा रोग व पाचन संबंधी समस्याओं में लाभ की मान्यता, दूर-दूर से पहुँच रहे श्रद्धालु
27 Jan, 2026
66 व्यूज
नायक दर्पण/मंडला।
जिले के पथराम तपोवन क्षेत्र में स्थित भूमि बैकुण्ठधाम गरम कुंड इन दिनों श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है। प्राकृतिक रूप से उष्ण जल वाले इस पवित्र कुंड को तपोभूमि के रूप में मान्यता प्राप्त है, जहाँ प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान और जलपान के लिए पहुँच रहे हैं।
स्थानीय मान्यताओं के अनुसार गरम कुंड में स्नान करने से खाज-खुजली, चकत्ते तथा अन्य त्वचा रोगों में राहत मिलती है। वहीं गरम कुंड का जल पीने से पाचन शक्ति मजबूत होती है, लीवर संबंधी परेशानियों में सुधार आता है और भूख बढ़ती है। इन्हीं कारणों से आसपास ही नहीं, बल्कि दूरस्थ क्षेत्रों से भी श्रद्धालु यहाँ पहुँच रहे हैं।
गरम कुंड तपस्वी परंपरा और धार्मिक आस्था से जुड़ा हुआ है। तपोवन की प्राकृतिक हरियाली और शांत वातावरण श्रद्धालुओं को मानसिक शांति प्रदान करता है। मान्यता है कि प्राचीन काल से यह स्थान ऋषि-मुनियों की साधना स्थली रहा है, जिससे इसकी आध्यात्मिक महत्ता और अधिक बढ़ जाती है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह स्थल न केवल धार्मिक बल्कि प्राकृतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रशासन से गरम कुंड परिसर में साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, मार्ग सुधार और श्रद्धालुओं के लिए मूलभूत सुविधाएँ विकसित किए जाने की मांग की है, ताकि आने वाले समय में यह स्थान धार्मिक पर्यटन के रूप में भी पहचान बना सके।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!