खेल के जरिए संदेश और संकल्प पुलिस प्रीमियर लीग 2026 का रंगारंग आगाज
13 Jan, 2026
15 व्यूज
नायक दर्पण मंडला प्रदीप कुमार
पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा के निर्देशन में पुलिसकर्मियों को मानसिक तनाव से राहत, शारीरिक फिटनेस और टीम-भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से स्थानीय पुलिस लाइन ग्राउंड में “मंडला पुलिस प्रीमियर लीग 2026” का भव्य एवं रंगारंग शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, कमांडेंट 148वीं वाहिनी श्री विक्रांत सारंगपांणी तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिवकुमार वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। आयोजन ने पुलिस बल के भीतर खेल भावना, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों द्वारा प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया गया। इसके साथ ही लीग में भाग लेने वाली सभी टीमों के लोगो एवं टीम टी-शर्ट का विमोचन कर टूर्नामेंट का विधिवत शुभारंभ किया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस बल 24 घंटे समाज की सुरक्षा में तत्पर रहता है। ऐसे में इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं पुलिसकर्मियों को तनावमुक्त रखने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देती हैं।
कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने खेलों को फिटनेस का सर्वोत्तम माध्यम बताते हुए सभी टीमों से आग्रह किया कि वे अपनी-अपनी टीम टैगलाइन के माध्यम से सामाजिक संदेश दें। उन्होंने नशा मुक्ति, सड़क सुरक्षा, हेलमेट अनिवार्यता जैसे विषयों पर जागरूकता फैलाने की अपील की तथा घोषणा की कि सेमीफाइनल और फाइनल खेलने वाली टीमों की टैगलाइन जिला प्रशासन द्वारा होर्डिंग एवं डिस्प्ले बोर्ड पर प्रदर्शित की जाएगी।
टूर्नामेंट का पहला मुकाबला बिछिया अनुभाग एवं निवास अनुभाग के मध्य खेला गया। मैच से पूर्व अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने मैदान पर क्रिकेट खेलकर खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया और टॉस कराकर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया।
पहले मैच में बिछिया अनुभाग की टीम ने निवास अनुभाग को पराजित कर जीत दर्ज की।
ग्रुप ‘ए’ में मंडला मुख्यालय, बिछिया अनुभाग, निवास अनुभाग, हॉक-01 और सीआरपीएफ 148 बटालियन मुख्यालय शामिल हैं। वहीं ग्रुप ‘बी’ में मंडला अनुभाग, नैनपुर अनुभाग, हॉक-02, होमगार्ड मंडला एवं एसएएफ 35 बटालियन की टीमें शामिल हैं।
कार्यक्रम में एसडीओपी बिछिया श्री सौरभ तिवारी, एसडीओपी निवास श्री पी.एस. वालरे, जिला खेल अधिकारी श्री विकास खराड़कर, डीएसपी महिला सुरक्षा श्री सतीश चतुर्वेदी, सीआरपीएफ श्री प्रमोद कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री अखिलेश उपाध्याय ने किया।
शेयर करें
लिंक कॉपी हो गया!