हाथी के पैरों तले टूटा नारियल नहीं टूटा हेलमेट सड़क सुरक्षा का जीवंत संदेश

13 Jan, 2026 15 व्यूज
Main Photo
नायक दर्पण मंडला।प्रदीप कुमार
बाइक चलाते समय चालक के लिए सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। एक छोटी-सी चूक भी जानलेवा साबित हो सकती है। सड़क दुर्घटनाओं में अधिकांश लोगों की मौत सिर में गंभीर चोट लगने के कारण होती है, जिसका मुख्य कारण हेलमेट न पहनना है। इसी को ध्यान में रखते हुए मंडला यातायात पुलिस द्वारा लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में सोमवार को यातायात जागरूकता अभियान के तहत सूबेदार योगेश राजपूत द्वारा एक अनोखा और प्रभावशाली तरीका अपनाया गया। आमजन को हेलमेट की मजबूती और सिर की सुरक्षा का महत्व समझाने के लिए गजराज (हाथी) की मदद से जीवंत प्रयोग किया गया।
अभियान के दौरान पहले राह चलते लोगों के सामने हाथी के पैरों से नारियल तुड़वाया गया, जो बिना किसी सुरक्षा के आसानी से टूट गया। इसके बाद उसी नारियल के ऊपर हेलमेट रखकर दोबारा प्रयोग किया गया। इस बार हाथी नारियल को तोड़ नहीं पाया। इस दृश्य ने लोगों को साफ संदेश दिया कि बिना सुरक्षा सिर कितना असुरक्षित होता है और हेलमेट सुरक्षा कवच का काम करता है।
इस अनोखे प्रयोग के माध्यम से यातायात पुलिस ने आमजन को यह समझाया कि जिस प्रकार हेलमेट नारियल को टूटने से बचा सकता है, उसी प्रकार हेलमेट मानव सिर को गंभीर चोट से बचाने में अहम भूमिका निभाता है।
मंडला पुलिस द्वारा किए जा रहे ऐसे रचनात्मक प्रयासों से सड़क सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता बढ़ रही है, जिसकी चारों ओर सराहना की जा रही है।